किसान नेता संदीप धीरणवास का आरोप है कि टोल कर्मी ने हमला किया, जबकि टोल प्रबंधन का आरोप है कि किसान नेता ने हमला किया। किसान आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
हरियाणा: हिसार में किसान नेता और टोल कर्मियों के बीच झड़प विरोध में किसानों ने डाला डेरा, टोल फ्री कराया
हरियाणा के हिसार में लांधरी-चिकनवास टोल पर सोमवार की दोपहर किसान नेता संदीप धीरणवास और टोल कर्मियों के बीच झड़प हो गई।इससे किसान भड़क गए। किसानों ने टोल कर्मियों पर संदीप पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए टोल पर डेरा डाल दिया है।
संदीप धीरणवास पर हमले की सूचना मिलते ही किसान टोल पर जमा हो गए। किसानों ने टोल पर नारेबाजी करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है। सभी वाहनों के लिए टोल फ्री कर दिया गया है।
किसानों ने प्रशासन को मंगलवार सुबह 11 बजे तक हमलावरों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है। घायल किसान नेता को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।उधर, टोल प्रबंधन ने किसान नेता पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना में एक टोल कर्मी भी घायल हो गया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे किसान नेता संदीप धीरांवास अग्रोहा से हिसार की ओर जा रहे थे। किसानों का आरोप है कि लांधरी-चिकनवास टोल से गुजरने के दौरान टोलकर्मियों ने झगड़ा किया और संदीप धीरांवास पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया है।
संदीप धीरणवास के हमले की सूचना के बाद इलाके के किसान टोल पर जमा हो गए। किसानों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष जताया। किसानों ने टोल पर अनिश्चितकाल के लिए डेरा डाल दिया है।
साथ ही किसानों के लिए लंगर शुरू किया गया है। किसानों ने सभी वाहनों के लिए टोल फ्री कर दिया। किसानों ने कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करेगा तब तक विरोध जारी रहेगा।पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो मंगलवार को सुबह 11 बजे जिले के चारों टोलों की किसान समिति निर्णय लेगी।
किसान नेता ने पहचान पत्र मांगा तो नहीं दिखाया तो मारपीट करने लगा। किसान नेता ने टोल कर्मचारी पर ईंट से हमला कर दिया। जिससे टोल कर्मी जसबीर घायल हो गया। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। – सुरेंद्र यादव, टोल मैनेजर, हिसार
दो घायल हमारे पास पहुंचे हैं। दोनों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। राकेश शर्मा, सीएमओ, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज
कैंडल मार्च निकाला
रात करीब 8 बजे के बाद किसानों ने टोल प्लाजा पर कैंडल मार्च निकाला, जिसमें किसानों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। किसान नहीं झुकेगा का नारा लगाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।