हरियाणा: विज बोले- जेएनयू की दीवारों पर बनियों और ब्राह्मणों के खिलाफ नारे बेहद खतरनाक, साजिश का हिस्सा
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में समान नागरिक संहिता लागू करने पर विचार किया जा रहा है और अध्ययन जारी है।इसे जल्द ही बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सभी समान नागरिक हैं।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) की दीवारों पर बनियों और ब्राह्मणों के खिलाफ लिखे नारे बेहद खतरनाक हैं।उन्होंने कहा कि ‘ये किसी साजिश का हिस्सा लगते हैं, ये भारत तोड़ो अभियान का हिस्सा लगते हैं, ऐसी मानसिकता को सख्ती से कुचला जाना चाहिए।
विज ने कहा कि ब्राह्मणों ने हमारे देश के धर्म और संस्कृति को जीवित रखा है। सुख हो या दुख ब्राह्मणों को बुलाकर अपनी संस्कृति के अनुसार श्लोक पढ़े जाते हैं। इसी प्रकार बनियों ने भी इस देश के व्यापार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हरियाणा में समान नागरिक संहिता के कार्यान्वयन पर विचार और अध्ययन
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में समान नागरिक संहिता लागू करने पर विचार किया जा रहा है और अध्ययन जारी है. इसे जल्द ही बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सभी नागरिक समान हैं, सरकार के लिए धर्म, जाति और क्षेत्र कोई मायने नहीं रखता, इसलिए समान नागरिक संहिता बनाने की बात हो रही है।
उधर, हरियाणा सरकार ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 38 सदस्यों की घोषणा की है। नवनियुक्त सदस्यों ने गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। विज ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 38 सदस्यों की घोषणा की है। इन सदस्यों में अंबाला छावनी से भूपेंद्र सिंह बिंद्रा व सुदर्शन सिंह सहगल को सदस्य बनाया गया है. इसके अलावा तीन और सदस्यों की घोषणा की जाएगी। वहीं, शुक्रवार सुबह गृह मंत्री अनिल विज के आवास पहुंचे नवनियुक्त सदस्य भूपेंद्र सिंह बिंद्रा और सुदर्शन सिंह सहगल ने सिख समुदाय के प्रतिनिधियों सहित गृह मंत्री अनिल विज का आभार जताया।