करनाल : कर्मचारियों ने मांगों को लेकर बुलंद की आवाज
करनाल। नगर कर्मचारी संघ, हरियाणा द्वारा राज्यव्यापी आंदोलन के बाद राज्य सरकार के साथ एक समझौते के बाद 29 अक्टूबर को हड़ताल को बंद कर दिया गया था, लेकिन समझौते अभी तक लागू नहीं हुए हैं। जिससे आक्रोशित यूनियन से जुड़े सफाई व दमकल कर्मियों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।बाद में जुलूस की शक्ल में मिनी सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त को मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।
नपा कर्मचारी संघ करनाल के प्रधान राम सिंह ढिल्लोद के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी व दमकलकर्मी दोपहर में नगर निगम कार्यालय पर जमा हो गए. इधर प्रदेश सचिव शारदा ने कहा कि 19 से 29 अक्टूबर तक राज्यव्यापी हड़ताल रही। इसके बाद शहरी स्थानीय निकाय मंत्री व मुख्यमंत्री के सचिव की मौजूदगी में कई मांगों पर सहमति बनी. जिसे छह नवंबर को आचार संहिता खत्म होने के बाद लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सरकार ने समझौतों पर अमल नहीं किया है. अभियान का संचालन करते हुए जिला सचिव इंद्रजीत चनालिया ने कहा कि सरकार को अधिसूचना जारी कर अविलम्ब लागू करना चाहिए. ताकि कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके। अगर जल्द ही ऐसा नहीं किया गया तो कर्मचारियों को फिर से राज्यव्यापी हड़ताल के बारे में सोचना पड़ेगा।
इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में मिनी सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा. इसमें सुमेरचंद, सुरेंद्र परोचा, राजकुमार दिल्लौद, सिलिदारों, सरोज, रोहताश, सोनी, सेवा राम, चेतराम आदि कई कर्मचारी शामिल थे।