NHM कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जिला सिविल सर्जन के बाहर रोष जताया। फील्ड की स्टाफ नर्स और ANM ने हड़ताल करके संघ के पदाधिकारी रिहान राजा और ऋषि राज की सेवाएं समाप्त करने के आदेश का विरोध किया।
NHM कर्मचारियों ने जिला सिविल सर्जन कार्यालय पर धरना देकर जताया रोष
कुरुक्षेत्र : NHM कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जिला सिविल सर्जन के बाहर रोष जताया। फील्ड की स्टाफ नर्स और ANM ने हड़ताल करके संघ के पदाधिकारी रिहान राजा और ऋषि राज की सेवाएं समाप्त करने के आदेश का विरोध किया। कर्मचारियों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सेवाएं समाप्त करने के आदेश वापस लेने की मांग की, जबकि मांग पूरी नहीं होने पर हड़ताल को आगे सोमवार तक बढ़ा दिया है।
संघ की प्रदेश महासचिव कुलविदर कौर और ANM जिला अध्यक्ष सुभाषवति ने कहा कि जिला नुंह में NHM में कार्यरत रिहान रजा और ऋषि राज की सेवा समाप्ति के आदेश जारी किए गए हैं जो कि न सिर्फ कर्मचारी विरोधी हैं बल्कि दुर्भावना के तहत जारी किए गए आदेश प्रतीत होते हैं। इससे पहले भी जिला जींद के फ्लीट मैनेजर को भी नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने 10 से 12 वर्ष मिशन की सेवा की है। इसके बावजूद एक झटके में इनकी सेवाओं को खत्म कर देना न्यायोचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हरियाणा के सभी जिलों में हड़ताल की गई। ANM कर्मचारियों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं को बाधित रखा गया, हालांकि प्रसूति विभाग, नवजात शिशु देखरेख इकाई और एंबुलेंस सेवाएं जारी रहीं। कर्मचारियों ने रोष जताया कि अगर अब भी उपरोक्त कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश वापस नहीं लिए गए तो हड़ताल को आगे बढ़ा दिया जाएगा। फिलहाल हड़ताल को सोमवार तक बढ़ा दिया गया है। कर्मचारियों ने मांग की कि सभी NHM कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। जिलों और राज्य मुख्यालय पर NHM कर्मचारियों के लिए कष्ट निवारण समिति का गठन किया जाए, जिसमें संघ से भी सदस्य शामिल किए जाएं ताकि भविष्य में कर्मचारियों के शोषण को रोका जा सके।